हजारे ने अपने ताजा ब्लॉग में लिखा कि कुछ लोग कश्मीर से जुडे मुद्दों के बारे में अस्पष्ट बातें कर रहे हैं लेकिन वे इस तथ्य से अनजान हैं कि जब मैं सेना में था तो मैंने एक सैनिक के रूप में भारत-पाकिस्तान युद्ध में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था।
उन्होंने कहा कि मेरा मत है कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा। अगर एक बार फिर से मुझे पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध लड़ना हो तो मैं इसके लिये तैयार हूं। लेकिन कुछ लोग केवल बोलते हैं और जमीनी स्तर पर कश्मीर के लिये कुछ नहीं करते हैं और यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
गांधीवादी नेता और पूर्व सैनिक ने कहा कि जब मैं सेना में था तो एक सैनिक के तौर पर मैंने भारत-पाकिस्तान युद्ध में सक्रिय हिस्सा लिया था। पाकिस्तान के साथ युद्ध में सीमा पर मेरे सारे साथी मारे गये लेकिन मैं आश्चर्यजनक रूप से बच गया। उसके बाद से ही मैंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित करने की शपथ ली थी।
जन लोकपाल विधेयक के लिये दिल्ली के रामलीला मैदान पर अनशन करने वाले हजारे ने कहा कि आज भी आप मेरे माथे पर पाकिस्तानी सेना की गोली से बने निशान को देख सकते हैं। गौरतलब है कि टीम अन्ना के प्रमुख सदस्य प्रशांत भूषण ने हाल ही में कश्मीर में जनमत संग्रह कराये जाने की मांग का समर्थन किया था। प्रशांत भूषण के इस बयान के बाद कुछ लोगों ने उच्चतम न्यायालय में उनके चैम्बर में उनसे मारपीट की थी। प्रशांत भूषण के इस बयान के बाद शिवसेना और योग गुरू बाबा रामदेव समेत कई राजनीतिक दलों ने अन्ना हजारे से कश्मीर पर अपनी राय स्पष्ट करने के लिये कहा था।
कश्मीर के लिए पाकिस्तान के खिलाफ लड़ने को तैयार अन्ना
ReplyDelete