Total Pageviews

Tuesday, July 5, 2011

छत्तीसगढ़ में दौड़ी देश की सबसे लंबी मालगाड़ी


  छत्तीसगढ़ में शनिवार को देश की सबसे लंबी मालगाड़ी चलाई गई। माल लदान का टारगेट पूरा करने के लिए यह मालगाड़ी भिलाई से कोरबा तक चलाई गई। इसमें कुल 180 वैगन लगे थे। यह तीन मालगाड़ियों के बराबर है। यह मालगाड़ी दो किमी से भी ज्यादा लंबी थी। यह बिलासपुर स्टेशन से 8 मिनट तक गुजरती रही। आमतौर पर एक मालगाड़ी में अधिकतम 60 वैगन होते हैं।
माल ढुलाई का कीर्तिमान रचने के फेर में रेल अधिकारियों ने तमाम सुरक्षा नियमों को ताक पर रख दिया। इस ट्रेन को खींचने के लिए कुल चार इंजन लगाए गए। ट्रेन की शुरुआत में दो इंजन थे, जबकि दो इंजन 60-60 वैगनों के अंतराल पर लगाए गए थे।

भिलाई से यह सुबह 10.45 पर चली और दोपहर 12.50 पर बिलासपुर स्टेशन पहुंची। यहां रेलवे अधिकारियों की वैगनों की संख्या गिनते-गिनते आंखें चौंधिया गईं। 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ रही यह ट्रेन यहां 5 मिनट बाद भी पार नहीं हुई। चार इंजन, तीन ब्रेकयान और 180 वैगनों वाली ट्रेन को यहां से गुजरने में पूरे 8 मिनट लगे।

बीच रास्ते में बैठ गई ट्रेन

दोपहर 1 बजे के करीब बिलासपुर से निकली यह ट्रेन दोपहर 3 बजे उरगा से पार हो रही थी, तब पहली रैक के 36-37 नंबर के वैगन को जोड़े रखने वाला कपलिंग टूट गया और ट्रेन दो भागों में बंट गई। चूंकि ट्रेन ट्रायल पर थी इसलिए सुधार दल ट्रेन में ही मौजूद था। ट्रेन मौके पर 15:03 बजे से 16:15 बजे तक खड़ी रही। पीछे की रैक को अलग किया और दो रैक के साथ ट्रेन आगे बढ़ी, जो शाम 4:30 बजे कोरबा पहुंची।

No comments:

Post a Comment

http://rktikariha.blogspot.com/